आदाब खान, प्रदेश दस्तक,
सोहागपुर | क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज़ दो दिन बाद 21 वर्षीय युवती ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद मायके आई, तीसरे दिन बिगड़ी तबीयत
— मृतिका की पहचान भारती पति अरुण धानक, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पाटनी थाना बाड़ी जिला रायसेन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार भारती की शादी 25 फरवरी 2026 को अरुण धानक से हुई थी। 27 फरवरी को परिजन उसे मायके बरैयाखेड़ी थाना सोहागपुर लेकर आए थे। बताया गया है कि 28 फरवरी 2026 को अज्ञात कारणों से उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर मायके पक्ष द्वारा उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मर्ग कायम, एसडीओपी करेंगे विस्तृत जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पिपरिया द्वारा प्रारंभिक जांच की गई। पंचनामा की कार्रवाई पिपरिया के नायाब तहसीलदार नीरज बैस की मौजूदगी में संपन्न हुई। थाना स्टेशन रोड से मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद प्रकरण में असल मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है। मृतिका नवविवाहिता होने के कारण मामले की अग्रिम विवेचना अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोहागपुर द्वारा की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं, वैवाहिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और संभावित कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संवाददाता आदाब खान, सोहागपुर।
