बाँसखापा के पास नहर किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव

(आदाब खान, प्रदेश दस्तक)

सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बाँसखापा में नहर के पास एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

नहर किनारे पड़ा मिला युवक का शव

— जानकारी के अनुसार ग्राम बाँसखापा की नहर के पास ग्रामीणों ने एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद पंचनामा कार्रवाई की गई और बुधवार–गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मृतक की पहचान सोहागपुर निवासी विनोद मेहरा के रूप में

— पुलिस जांच में मृतक की पहचान विनोद मेहरा उर्फ भूरा, उम्र लगभग 25 वर्ष, पिता बृजलाल मेहरा, निवासी अंबेडकर वार्ड सोहागपुर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार युवक घर से निकला था, लेकिन नहर के पास उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

बिना वाहन घटनास्थल तक कैसे पहुंचा युवक?

— पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक बिना किसी वाहन के घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और घटना के समय उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा पड़ताल की जा रही है घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

हादसा या हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

— फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत दुर्घटना के कारण हुई या किसी आपराधिक घटना का परिणाम है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। पुलिस द्वारा मामले में विस्तृत विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!