गाडरवारा/ नगर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर स्थापित किए गए श्री गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का आज विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ विसर्जन किया गया। पूरे नगर में “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के जयकारे गूंजते रहे।
गली-गली से गणपति जी की शोभायात्राएं निकलीं, जिनमें भजन-कीर्तन, ढोल-ताशे, डीजे, नृत्य और रंग-बिरंगी रोशनी का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए गणपति बप्पा को विदा करने निकले और उन्हें पुनः अगले वर्ष आने का आग्रह किया।
यात्रा के दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती हुईं आगे बढ़ीं, वहीं बच्चे फूलों की वर्षा करते नज़र आए। भक्तों ने गणपति जी को नारियल, फूल, दूर्वा और मोदक अर्पित कर अंतिम पूजन किया। नदी तट पर पहुंचकर गणपति जी का मंत्रोच्चारण और आरती के साथ विसर्जन किया गया।
गणपति विसर्जन के अवसर पर नगर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। सभी भक्तों ने गणपति बप्पा से अपने परिवार, समाज और नगर की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
