ट्रेन व सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत

आदाब खान, प्रदेश दस्तक

सोहागपुर रेलखंड व रोशनपुरा तिगड्डा पर हुई अलग-अलग घटनाएं

सोहागपुर। थाना क्षेत्र में ट्रेन दुर्घटना एवं सड़क हादसे के दो अलग-अलग प्रकरणों में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में रेलवे स्टेशन सोहागपुर से प्राप्त मेमो के आधार पर जानकारी मिली कि प्रातः 5:48 बजे डाउन गाड़ी क्रमांक 61617 के लोको पायलट ने लिखित सूचना दी कि रेलखंड गुरमखेड़ी-सोहागपुर डाउन ट्रैक किलोमीटर 79/12-20 के बीच एक व्यक्ति ट्रैक के पास बैठा था, जो ट्रेन से टकरा गया। इंजीनियरिंग कर्मचारी पेट्रोलमेन मनीष यादव द्वारा मौके पर पहुंचकर पुष्टि की गई कि लगभग 40-50 वर्षीय अज्ञात पुरुष डाउन ट्रैक के पास मृत अवस्था में पड़ा है।
जांच के दौरान मृतक की पहचान ग्राम बांसखापा निवासी तखत सिंह पटेल पिता स्वर्गीय गर्व सिंह पटेल (गुर्जर) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार तखत सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
दूसरे प्रकरण में वीरसिंह गुर्जर पिता जसमन सिंह गुर्जर (42) निवासी बरवानी ने सूचना दी कि उसका छोटा भाई हमीर सिंह (38) अपनी पत्नी पूजा को मेमो ट्रेन में बैठाने पिपरिया छोड़ने के लिए सुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स (एमपी 05 एमडब्ल्यू 6040) से निकला था।
सुबह लगभग 7 बजे गांव के मनोज का फोन आया कि रोशनपुरा तिगड्डा मेन रोड शोभापुर पर हमीर सिंह का एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि हमीर सिंह के शरीर पर गंभीर चोटें थीं और उसकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे टक्कर की आवाज सुनाई दी थी। प्राथमिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!