साहू समाज देव गणेश मंदिर का विमान रहा आकर्षण का केंद्र, गाडरवारा में धूमधाम से निकली शोभायात्रा

गाडरवारा। साहू समाज देव गणेश मंदिर द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी डोल ग्यारस के अवसर पर भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा के साथ विमान धूमधाम से निकाला गया।

इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बैंड-बाजे, लाइट डेकोरेशन, विशेष वेशभूषा और महिला मंडल एवं युवा संगठन की सहभागिता रही। महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण किए, जबकि पुरुषों ने पगड़ी पहनकर परंपरागत अंदाज में भाग लिया।

विमान देव गणेश मंदिर से पूजन-आरती के पश्चात प्रारंभ हुआ और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नदी तक पहुंचा, जहां भगवान गणेश को जलविहार कराया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्याओं ने राधे-राधे की धुन पर नृत्य प्रस्तुत किया। समाज के युवा और वरिष्ठ सदस्य भी उल्लासपूर्वक नृत्य करते दिखे। पूरे नगर में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद चंद्रकांत शर्मा, पार्षद आनंद दुबे, एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही समाज के वरिष्ठ सदस्यों, महिला मंडल और युवा संगठन ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।

साहू समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विमान यात्रा समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी। कार्यक्रम के उपरांत प्रसादी का वितरण किया गया और समाज व प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!