वक्फ बोर्ड कमेटी उपाध्यक्ष को ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन// वक्फ बोर्ड मस्जिद व मजार मदारगेट कमेटी के उपाध्यक्ष को ब्लैकमेल करने और हाईकोर्ट में फर्जी शपथपत्र देकर झूठी याचिका लगाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। खाराकुआं पुलिस ने शनिवार शाम 7 बजे नर्मदापुरम निवासी सलीम खान तथा सोहागपुर के अय्यूब अहमद खान और अमजद हुसैन को गिरफ्तार कर उज्जैन लाया। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज बनाकर ब्लैकमेल करने और अवैध वसूली की धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह प्रदेशभर में वक्फ कमेटियों को डरा-धमकाकर मोटी रकम वसूलता था। इनके तौर-तरीकों में कूटरचित दस्तावेज बनाना, वक्फ संपत्तियों को खुर्दबुर्द करना, दुकानों के अवैध आवंटन में दबाव डालना और झूठी शिकायतें दर्ज कराना शामिल था।झूठी शिकायत मामला 11 सितंबर को वक्फ बोर्ड मस्जिद व मजार मदारगेट कमेटी के उपाध्यक्ष हारुन नागौरी ने तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोपियों ने पहले पुलिस में उपाध्यक्ष के खिलाफ झूठी शिकायत दी, जिसकी जांच के बाद यह 15 जून को निराधार पाई गई और नस्तीबद्ध कर दी गई। इसके बाद भी आरोपियों ने 8 जुलाई को इंदौर हाईकोर्ट की खंडपीठ में झूठा शपथपत्र देकर रिट याचिका दायर की, जिसमें पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया।थाना प्रभारी राजकुमार मालवीय ने बताया कि दो दिन पहले केस दर्ज होने के बाद नर्मदापुरम और सोहागपुर से आरोपियों को गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!