स्वच्छता व नशा विरोधी अभियान: सांदीपनी विद्यालय भानपुरा में साइकिल रैली व शपथ ग्रहण
भानपुरा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर सांदीपनी विद्यालय भानपुरा में स्वच्छता और नशा विरोधी अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सर्वप्रथम सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता और नशा विरोधी शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत नगर के विभिन्न मार्गों पर भव्य साइकिल रैली का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में छात्रों ने बैनर, पोस्टर और तख्तियों के साथ गगनभेदी नारे लगाते हुए नगरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया।
प्राचार्य सुनील तिवारी ने बताया कि पूरे देश में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव के रूप में आरंभ हुए स्वच्छता अभियान और नशा विरोधी पखवाड़े के तहत संस्था में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन और संयोजन स्काउट एवं एनसीसी अधिकारी भीमसेन वधवा, सांस्कृतिक प्रभारी सुनीता समेंरिया सहित स्टाफ सदस्यों के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर एक भारत श्रेष्ठ भारत प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया।
जागरूकता अभियान के तहत छात्रों ने अपने पालकों को पोस्टकार्ड भेजकर स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश भी दिया।

