सोहागपुर में 22 सितंबर को लगेगा स्वास्थ्य शिविर

सोहागपुर। संवाददाता:- शेख आरिफ।

महिलाओं और बच्चों का होगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण।

सोहागपुर// सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोहागपुर में 22 सितंबर 2025 को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष शिविर में जिले से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाओं एवं बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा सामान्य रोगों की पहचान, पोषण संबंधी जानकारी, महिला स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का परीक्षण तथा बच्चों का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

शिविर के माध्यम से गंभीर रोगों की होगी पहचान। इसके साथ ही गंभीर रोगों की पहचान होने पर उन्हें जिला अस्पताल एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर करने की व्यवस्था भी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस शिविर से ग्रामीणजन को समय पर परामर्श एवं उपचार प्राप्त होगा और बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि शिविर में पंजीयन कराने के लिए लाभार्थियों को अपने आवश्यक दस्तावेज साथ लाना जरूरी होगा। इनमें आधार कार्ड, अभय कार्ड और आयुष्मान कार्ड शामिल हैं।

शासन की योजनाओं के अंतर्गत निःशुल्क उपचार। दस्तावेजों के आधार पर पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं के अंतर्गत निःशुल्क उपचार एवं दवाओं का लाभ दिया जाएगा।शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं पंच-सरपंचों से अपील की है कि वे इस शिविर की सूचना प्रत्येक घर तक पहुँचाएँ ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रह सके।

डॉक्टर रेखा सिंह गौर चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है। विशेषकर वे महिलाएँ जो नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करवा पातीं, उन्हें इस शिविर में निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। बच्चों में कुपोषण, एनीमिया और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिविर में निम्नलिखित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपस्थित रहेगी :डॉ. रेखा सिंह गौर – चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी सोहागपुर, डॉ. देवेंद्र सिंह ठाकुर – नेत्र रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय, डॉ. श्राद्वा बदानी – दंत रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय, डॉ. सतीश तिवारी – एमडी मेडिसिन, जिला चिकित्सालय, डॉ. दानिश मिश्रा – मनोरोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय, डॉ. सन्नी थावडीयों – शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. कमलेश विश्ववास – नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, डॉ. अनीता मसराम – स्त्री रोग विशेषज्ञ, अशोक शाक्य – नेत्र सहायक, सीएचसी सोहागपुर स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ समय पर शिविर स्थल पर पहुँचें और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह का लाभ उठाएँ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोहागपुर द्वारा किया जा रहा यह आयोजन ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!