सेमरी हरचंद में साइबर ठगी, खाते से उड़ाए 8.5 लाख रुपए

लिंक पर क्लिक करते ही खाली हुआ खाता, 8.5 लाख से अधिक की ठगी

सोहागपुर// सेमरी हरचंद में एक बड़ा साइबर फ्रॉड सामने आया है। तिवारी कॉलोनी निवासी हरीश माहेश्वरी पिता स्व. कैलाशचंद माहेश्वरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके आईसीआईसीआई बैंक सेमरी स्थित खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने लगभग 8 लाख 50 हजार रुपए निकाल लिए।

फरियादी के अनुसार उनका खाता लक्ष्मी एग्रो ट्रेड नाम से संचालित है। खाते में लगभग 8.59 लाख रुपए की राशि थी। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे फरियादी को मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उपभोक्ता फोरम दिल्ली का अधिकारी बताते हुए धान संबंधी शिकायत का हवाला दिया और मोबाइल पर एक लिंक भेजकर दस्तावेज अपलोड करने को कहा।

लिंक पर क्लिक करते ही उड़े पैसे:- जैसे ही फरियादी ने लिंक खोला, कुछ ही देर बाद खाते से पहले 5 लाख और फिर 3.5 लाख रुपए डेबिट होने के मैसेज आए। घटना के बाद फरियादी तत्काल आईसीआईसीआई बैंक सेमरी पहुंचे और खाते को होल्ड कराया।

पुलिस की कार्यवाही:- शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4) BNS एवं आईटी एक्ट के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस टीम साइबर ठगों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल या लिंक पर भरोसा न करें, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। सतर्क रहना ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे सुरक्षित उपाय है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!