सोहागपुर।संवाददाता:- शेख आरिफ।✍️
अधिकारियों ने मुख्य मार्ग पर भ्रमण कर ली यातायात व्यवस्था की जानकारी
सोहागपुर। सलकनपुर माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। सोमवार को अधिकारियों ने नगर के मुख्य मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रियंका भलावी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संजू चौहान, थाना प्रभारी उषा मरावी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रियंका भलावी ने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात हमारी प्राथमिकता है। सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।” वहीं एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि “भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हमारी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।”
थाना प्रभारी उषा मरावी ने कहा कि “श्रीराम चौक पर अस्थाई पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। यहाँ 24 घंटे पुलिसकर्मी ड्यूटी देंगे और #FirstAidBox की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत मदद मिल सके।” मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि “नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। हमारा उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण प्रदान करना है।”

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें और सुरक्षित ढंग से माता के दर्शन का लाभ लें।
