संवाददाता आदाब खान, प्रदेश दस्तक, सोहागपुर
सोहागपुर। नगर इन दिनों भक्ति के उल्लास में डूबा हुआ है। गांधी चौक रामलीला मंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की लीलाओं का मंचन 103वें वर्ष में लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार की रात 9 बजे नगर की सड़कों पर ऐतिहासिक श्रीराम बारात निकाली गई, जिसने नगरवासियों को धर्ममय वातावरण में सराबोर कर दिया। बारात कृष्ण कुमार पालीवाल एवं राजेंद्र पालीवाल के पुराने निज निवास से प्रारंभ होकर बिहारी चौक, पुराने अस्पताल रोड, पुराने थाने के सामने से होते हुए बीकानेर श्रीराम चौक पहुँची और वहाँ से होते हुए जनकपुरी स्थित गांधी चौक रामलीला मंच तक पहुंची। पूरे मार्ग पर जगह-जगह स्वागत किया गया और भक्तिमय झांकी, ध्वज-पताकाओं व जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। वहीं अर्चना साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में बिहारी चौक पर राम बारात का भव्य स्वागत किया गया।
मुस्लिम समाज ने किया पुष्पवर्षा से स्वागत
धार्मिक सौहार्द्र की मिसाल पेश करते हुए वहीं कन्या शाला स्कूल के सामने मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रीराम बारात का अभिनंदन किया। इस अवसर पर हनीफ खान अधिवक्ता, मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष वसीम खान, वक्फ अंजुमन कमेटी अध्यक्ष जावेद खान, आरिफ खान (मामू), माइकल खान, राजा खान, आदाब खान, रिजवान खान, समीर खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजनों ने शामिल होकर पेयजल की व्यवस्था भी की। सभी ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को जीवंत किया।

गणमान्य नागरिकों व भक्तों की रही भारी सहभागिता
राम बारात में नगर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी बंधु एवं रामानुरागी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह लगे स्वागत मंचों और भक्तों की भीड़ ने बारात को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।इस भव्य आयोजन ने नगरवासियों के दिलों में भक्ति, आस्था और आपसी भाईचारे का अनूठा संदेश दिया।

