नेशनल को-ऑर्डिनेटर आदाब खान, सोहागपुर
सोहागपुर। नगर के हाई स्कूल ग्राउंड पर 7 अक्टूबर 2025 की रात्रि शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर शरद पूर्णिमा शरदोत्सव समिति द्वारा आयोजित वार्षिक शरदोत्सव समारोह इस वर्ष विशेष रूप से यादगार बन गया। समिति ने अपने रजत जयंती वर्ष (25 वर्ष) में प्रवेश करते हुए समाजसेवा, राष्ट्रभक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर विजयपाल सिंह विधायक, पूर्व विधायक श्रीमती सविता दीवान शर्मा जी, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल , पीडब्ल्यूडी पीआईयू चीफ इंजीनियर सेवानिवृत्ति जीपी मेहरा वेयरहाउस कॉरपोरेशन इंजीनियर मध्य प्रदेश, समिति के संरक्षक समाजसेवी ठाकुर हरगोविंद पूर्विया जी एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री आकाश रघुवंशी , जिला उपाध्यक्ष निखिलेश चतुर्वेदी , सोहागपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज , प्रदीप ठाकुर , योगेश मालवीय , कुशवाहा समाज के जिला अध्यक्ष मालक पटेल मंच पर मौजद थे।
सैनिकों, शिक्षकों और मेधावी छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा सम्मान समारोह, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को मंच पर सम्मानित किया गया।ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित सैनिक सम्मान के अंतर्गत 27 वीर जवानो को सम्मानित किया गया।वही शिक्षक सम्मान में उत्कृष्ट शिक्षा के लिए में 3 शिक्षकों सम्मानित किया गया, जो अपनी लगन व मेहनत से विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की राह दिखा रहे हैं।
प्रतिभा सम्मान के तहत क्षेत्र की आईएएस चयनित ग्राम बहारपुर की भजपा की पूर्व मंडल अध्यक्ष डालचंद मीना की पोती यशस्वी मीना को सम्मानित किया गया, जिन्होंने क्षेत्र का नाम रोशन किया। मेधावी छात्र सम्मान में उच्च अंक प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। रक्तदाता सम्मान के तहत जीवन बचाने वाले 12 रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नगर की शांति व्यवस्था के लिए एसडीओपी संजू चौहान थाना प्रभारी उषा हमारा भी को सम्मानित किया गया। विशेष बहादुरी पुरस्कार के लिए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बाग से अपने साथियों की जान बचाने के लिए दो सुरक्षाश्रमिक
रामदास इवने व हल्के उईके के को सम्मानित किया गया।
प्रतिभावान पुरुषकारो के अंतर्गत सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के रेंजर राहुल उपाध्याय,कांस्य पदक विजेता महक सराठे, शिव मालवीय मूर्तिकार, राहुल कुशवाहा सर्पमित्र, श्याम मंडल नगतराखापा के संचालक छन्नू पटेल ,श्री राम मंडल सिटिया गोहाना के संचालक भवानी कुशवाहा व सुहागपुर में 103 वर्ष पूर्ण करने पर श्री राम नाथ समिति का सम्मान मंच के अतिथियों द्वारा किया गया।
समाज को समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूक करने वाले समाजसेवी एसएमएस स्टूडियो के ओ पी पटेल ,अजय पटेल व राकेश पटेल को सम्मानित किया गया। वही समिति के सभी सदस्यों द्वारा मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों को सुहागपुर में स्थित जमीनी धाम में विराजमान हनुमान जी एवं जमीनी धाम के देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने की समिति की सराहना
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर विजयपाल सिंह ने मंच से अपने उद्बोधन में कहा कि “शरदोत्सव समिति द्वारा किए जा रहे कार्य—सैनिक सम्मान, शिक्षक सम्मान, प्रतिभा सम्मान, रक्तदाता सम्मान एवं मेधावी छात्र सम्मान—वास्तव में अद्वितीय और प्रेरणादायी हैं। समिति न केवल समाज में एकता और सहयोग का संदेश दे रही है बल्कि नई पीढ़ी को संस्कार और प्रेरणा भी प्रदान कर रही है।”
उन्होंने आयोजक मंडल को इस निरंतर प्रयास के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में और ऊँचाइयाँ हासिल करने की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती सविता दीवान शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “शरदोत्सव समिति ने अपनी 25 वर्ष की यात्रा में जो ऊँचाइयाँ प्राप्त की हैं, वह न केवल सोहागपुर बल्कि समूचे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। एक छोटे से प्रयास से शुरू हुई यह समिति आज समाज का उत्सव बन चुकी है।” नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल ने समिति को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक व सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में सेवा, शिक्षा और सम्मान के मूल्यों को सशक्त करने वाला भी है। वरिष्ठ इंजीनियर जी.पी. मेहरा ने की समिति की तारीफ
इस अवसर पर जी.पी. मेहरा, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी एवं वेयरहाउस कॉरपोरेशन, मध्य प्रदेश ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि “शरदोत्सव समिति जैसा संगठित, अनुशासित और संस्कारित आयोजन बहुत कम देखने को मिलता है। जिस प्रकार यह समिति सैनिकों, शिक्षकों और रक्तदाताओं का सम्मान कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणा है। समाजसेवी हरगोविंद पुर्विया द्वारा कहा गया कि सोहागपुर के लिए यह गौरव कक्ष है और समिति जो कार्य कर रही है उसके लिए हम उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन संयोजक पवन सिंह चौहान ने प्रभावशाली अंदाज में किया। उनके संयोजन में मंच पर सम्मान समारोह अत्यंत अनुशासित और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का सांस्कृतिक आकर्षण रहा जबलपुर इवेंट ऑर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुत गीत-संगीत और नृत्य कार्यक्रम, जिसने दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा। रात्रि के सुहावने वातावरण में आयोजित इस आयोजन के दौरान हाई स्कूल ग्राउंड दर्शकों से खचाखच भरा हुआ रहा। नगरवासियों और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।
अध्यक्ष रूपेश मेहरा ने जताया आभार
समिति अध्यक्ष रूपेश कुमार मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि “शरदोत्सव समिति का यह रजत जयंती वर्ष सभी सदस्यों की मेहनत, लगन और समाज के सहयोग से ही संभव हुआ है। हमारा उद्देश्य सदैव समाजसेवा और सम्मान की भावना को आगे बढ़ाना रहेगा।”
उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
नेशनल को-ऑर्डिनेटर आदाब खान, सोहागपुर
