मुस्लिम विकास परिषद की सराहनीय पहल- जरूरतमंद महिला को मिला रोजगार का सहारा

मुस्लिम विकास परिषद ने महिला को सिलाई मशीन भेंट कर बनाया आत्मनिर्भर

आदाब खान, प्रदेश दस्तक, सोहागपुर

सोहागपुर। नगर में हाल ही में मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ब्लॉक सोहागपुर की एक नई कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी का उद्देश्य गरीब परिवारों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराना, शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुस्लिम विकास परिषद ब्लॉक सोहागपुर के युवाओं द्वारा गांधी वार्ड क्षेत्र की एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की गई। इस पहल से महिला अब सिलाई मशीन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आजीविका चलाने में सक्षम होगी। बताया गया कि यह महिला बेहद गरीब तबके से ताल्लुक रखती है और अपने पति के साथ गांधी वार्ड क्षेत्र में एक छोटे से कमरे में रहती है। महिला का पति मिस्त्री का काम करता है और आज भी उनके घर में बिजली का कनेक्शन नहीं है। कमेटी ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही इस परिवार के लिए बिजली का मीटर भी लगवाया जाएगा, ताकि उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा सके।
कमेटी के डॉ. जोएब खान ने बताया कि यह संस्था आपसी सहयोग और चंदे के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की सहायता करती है। साथ ही छात्रों को शिक्षा में मार्गदर्शन देती है और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्यरत है। कमेटी के निजामुद्दीन खान द्वारा नगर के प्रबुद्धजनों से उक्त कमेटी में जुड़ने की अपील की गई है, ताकि ऐसे ही और भी जरुरतमन्द परिवारों की मदद की जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!