सोहागपुर: दीपावली पर मुस्लिम विकास परिषद ने बाँटी खुशियाँ, बच्चों को नए वस्त्र किए वितरित

आदाब खान, प्रदेश दस्तक, सोहागपुर

सोहागपुर। दीपावली के शुभ अवसर पर मुस्लिम विकास परिषद ने सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए सोहागपुर के मातापुरा वार्ड और मुख्य बाजार क्षेत्र में 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों को नए कपड़े वितरित किए। परिषद के इस सराहनीय कदम से क्षेत्र में खुशियों का माहौल देखने को मिला। समिति के सदस्यों ने बाजार और आसपास के इलाकों में भ्रमण कर उन बच्चों की पहचान की जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और दीपावली पर नए वस्त्र नहीं खरीद सकते। जैसे ही बच्चों को कपड़े भेंट किए गए, उनके चेहरों पर खिली मुस्कान ने सबका दिल जीत लिया।


समाज में इंसानियत और सौहार्द का संदेश

मुस्लिम विकास परिषद के अध्यक्ष निजामुद्दीन खान ने बताया कि परिषद का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक खुशियाँ पहुँचाना है, ताकि कोई भी बच्चा त्योहार की रौनक से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी सद्भाव, सौहार्द और इंसानियत को बढ़ावा देने का भी संदेश देती है।


जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने की सराहना

नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अभिलाष सिंह चंदेल ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए स्वयं समिति के साथ वस्त्र वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान समिति के डॉ. जोएव अली, उमर बाबा, इमरान, इरफ़ान, मुईनुद्दीन, आदाब, तोसिफ, एहसान, फिरोज, अल्ताफ और अदनान सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से दीपावली के अवसर पर बच्चों को मिठाई और शुभकामनाएँ देकर खुशियाँ साझा कीं। स्थानीय नागरिकों ने मुस्लिम विकास समिति की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में इंसानियत और भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।

आदाब खान, प्रदेश दस्तक, सोहागपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!