आदाब खान, प्रदेश दस्तक, सोहागपुर
सोहागपुर। स्थानीय सुभाष वार्ड में एक पालतू कुत्ते के हमले में सात वर्षीय बालक घायल हो गया। घटना के बाद फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी कमलेश पिता धर्मदास अहिरवार, निवासी सुभाष वार्ड सोहागपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मोहल्ले में रहने वाले रेवाराम पिता कमल सिंह अहिरवार के पास एक पालतू कुत्ता है, जो अक्सर मोहल्ले में आने-जाने वाले लोगों पर भौंकता और काटने को दौड़ता है।
फरियादी के अनुसार, आज दोपहर करीब 2:30 बजे उनका सात वर्षीय बेटा भविष्य अहिरवार अपने बड़े पिताजी के घर जा रहा था। जैसे ही वह रेवाराम के घर के सामने पहुंचा, तभी रेवाराम के पालतू कुत्ते ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने भविष्य की पीठ एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे को तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। इसके बाद फरियादी कमलेश अहिरवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रेवाराम अहिरवार के खिलाफ धारा 291 भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय लोगों ने भी कहा कि पालतू जानवर रखने वाले मालिकों को उनकी सुरक्षा और नियंत्रण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
आदाब खान, प्रदेश दस्तक, सोहागपुर
